बरौनी रिफाइनरी में केंद्रीय मंत्री द्वारा परियोजना प्रगति की समीक्षा
बेगूसराय। 22 अप्रैल 2025
मंगलवार को भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने रिफाइनरी का दौरा कर रिफाइनरी में चल रही BR-09 परियोजना की समीक्षा की। मौके पर कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश, कार्यकारी निदेशक (परियोजना व कोर ग्रुप) संजय रायजादा, वरिष्ठ अधिकारी एवं परियोजना टीम भी उपस्थिति थी। मंत्री ने BR-09 मेगा परियोजना की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न परियोजना स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

समीक्षा बैठक में बरौनी रिफाइनरी के मुख्य महाप्रबंधकगण, कमाण्डेंट, केऔसुब इकाई आईओसी बरौनी अनिल ढौंडियाल आईओसीएल पाईपलाइन, मार्केटिंग विभाग एवं बरौनी रिफाइनरी के अन्य अधिकारिगण भी उपस्थित रहे। BR-09 परियोजना, बरौनी रिफाइनरी की प्रसंस्करण क्षमता को 6 MMTPA से बढ़ाकर 9 MMTPA करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मंत्री ने इस परियोजना को भारत सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने को एक सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया और परियोजना को समय पर पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया, जिससे इसके लाभ राज्य और देश तक प्रभावी रूप से पहुँच सकें। मंत्री ने बरौनी रिफाइनरी प्रबंधन एवं अधिकारियों को समय पर परियोजना की सफल कमीशनिंग कर बीआर-09 संचालन प्रारम्भ करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विशेष रूप से पॉलीप्रोपलीन यूनिट की परिकल्पना और स्थापना को बिहार के औद्योगिक इतिहास में मील का पत्थर बताया। यह इकाई राज्य की पहली पॉलीप्रोपलीन विनिर्माण इकाई होगी, जो स्थानीय उद्योगों, रोजगार और लघु/मध्यम उद्यमों के माध्यम से राज्य के आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र को गति मिलेगी। मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि “बरौनी रिफाइनरी न केवल राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि बिहार की औद्योगिक संरचना को बदलने की दिशा में भी अग्रसर है। BR-09 के अंतर्गत पॉलीप्रोपलीन यूनिट जैसी परियोजनाएं आने वाले समय में इस क्षेत्र को आत्मनिर्भरता और समृद्धि के पथ पर अग्रसर करेंगी।”इसके अतिरिक्त उन्होंने रिफाइनरी द्वारा आस पास के जिलों में CSR गतिविधियाँ संचालित करने के लिए भी सराहना व्यक्त की, जिनमें गावों में सोलर हाई मास्ट लाइट्स, RO संयंत्र, छात्रवृत्ति योजनाएं, स्वास्थ्य शिविर, TB रोगियों के लिए पोषण सहयोग, एवं डिजिटल हेल्थ एटीएम जैसी कई कदम शामिल हैं। कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने मंत्री के मार्गदर्शन एवं सहयोग हेतु आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि बरौनी रिफाइनरी अपनी प्रतिबद्धताओं पर खरा उत्तरते हुए, गुणवत्ता, सुरक्षा एवं नवाचार के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।





Total views : 68967










