टेबल टॉप एक्सरसाइज और फुल स्केल मॉक ड्रिल के जरिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का आकलन
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय | 26 फरवरी 2026
बेगूसराय में संभावित भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा दो दिवसीय टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEX) एवं पूर्ण पैमाने पर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। इस दौरान जिले के कई महत्वपूर्ण स्थलों पर आपदा की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया। प्रशासन ने इसे आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

डीएम के नेतृत्व में विभिन्न स्थलों पर हुआ अभ्यास: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित इस मॉक ड्रिल के तहत सदर अस्पताल, अनुमंडल परिसर बेगूसराय सदर, बी.पी. इंटर स्कूल, रिलायंस स्मार्ट बाजार (बेगूसराय शाखा) तथा आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी में भूकंप एवं आगजनी की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। जैसे ही सूचना प्राप्त हुई, समाहरणालय स्थित डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद संबंधित विभागों और स्टेक होल्डर्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सक्रिय भागीदारी: मॉक ड्रिल के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें अत्याधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थलों पर पहुंचीं।टीमों ने मलबे में फंसे घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया। वहीं, अग्निशमन विभाग ने आग पर नियंत्रण का अभ्यास किया और स्वास्थ्य विभाग ने ट्रायेज प्रणाली के तहत घायलों का वर्गीकरण कर त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान की।आपदा मित्र, गृहरक्षक एवं एनसीसी कैडेट्स ने भी भीड़ नियंत्रण और राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया।
गांधी स्टेडियम बना मुख्य राहत शिविर: आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए गांधी स्टेडियम, बेगूसराय को मुख्य राहत शिविर एवं आश्रय स्थल के रूप में चिन्हित किया गया। यहीं कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। साथ ही, कार्यक्रम की निगरानी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी की गई, जिससे उच्च स्तर पर समन्वय सुनिश्चित हो सका।
(रिपोर्ट: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़, बेगूसराय)






Total views : 72140