बेगूसराय, 07 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में भीषण गर्मी एवं संभावित लू (Heat Wave) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के साथ पूर्व तैयारियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल से मई 2026 के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पेयजल और प्याऊ की व्यवस्था के निर्देश: नगर निकायों एवं पीएचईडी को निर्देश दिया गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब चापाकलों की मरम्मत और जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अस्पतालों में विशेष वार्ड और दवाओं की व्यवस्था: स्वास्थ्य विभाग को लू प्रभावित मरीजों के लिए सभी अस्पतालों में विशेष वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल में 10 बेड, अनुमंडलीय अस्पताल में 6 बेड और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 5-5 बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ओआरएस, आईवी फ्लूड और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
स्कूल समय और मजदूरों के कार्य समय में बदलाव: शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों का संचालन सुबह की पाली में किया जाए या जरूरत पड़ने पर ग्रीष्मावकाश घोषित करने पर विचार किया जाए। वहीं श्रम एवं ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा सहित अन्य कार्यों में लगे श्रमिकों के कार्य समय को सुबह 6:00 से 11:00 बजे और शाम 3:30 से 6:30 बजे तक करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन और जन-जागरूकता पर विशेष ध्यान: परिवहन विभाग को दोपहर 11:00 से 3:30 बजे के बीच सार्वजनिक परिवहन पर नियंत्रण रखने और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।साथ ही जिला प्रशासन ने लू और अग्निकांड से बचाव के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।नागरिकों से सावधानी बरतने की अपीलजिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे अधिक पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें, दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलें, हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय छाता या टोपी का उपयोग करें।किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 कार्यरत है। संपर्क नंबर: 06243-450626, 9279808780







Total views : 78918