नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय | 26 अक्टूबर 2025)
आगामी छठ महापर्व को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़ी पोखर पोखरिया, रतनपुर विष्णुपुर स्थित चतुर्भुज पोखर, कैथमा पोखर, वार्ड 41 पंडित टोला पोखर और विष्णुपुर नौलखा मंदिर पोखर सहित प्रमुख घाटों की तैयारी का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई, विद्युत प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

🔸 160 छठ घाटों पर दंडाधिकारी की तैनाती : जिला प्रशासन ने बताया कि जिले के 160 छठ घाटों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था न हो। वहीं 34 थाना/ओपी पर रिजर्व व मोबाइल गश्ती दल को भी तैनात किया गया है।

🔸 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम : सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्य करेगा। कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 06243-222835 जारी किया गया है। यहां से घाटों की सतत मॉनिटरिंग और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
🔸 नाव और पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध : श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 27 से 28 अक्टूबर 2025 तक निजी नाव और यंत्रचालित नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। साथ ही घाटों पर पटाखे एवं आतिशबाजी पर भी रोक रहेगी, जिससे अफरा-तफरी या दुर्घटना की स्थिति से बचा जा सके।

🔸 स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान : सिविल सर्जन बेगूसराय को निर्देश दिया गया है कि सभी प्रमुख घाटों पर डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टाफ के साथ एम्बुलेंस और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर निगम, नगर परिषद और प्रखंड प्रशासन को प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल उपलब्धता की सतत समीक्षा करने का आदेश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने जनता से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं श्रद्धामय वातावरण में मनाएँ।
🕉️ “छठ मईया की कृपा से सबके जीवन में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहे।”






Total views : 68993










