बेगूसराय | 22 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में आपदा प्रबंधन एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। भूकंप सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मटिहानी अंचल स्थित के. एल. हाई स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा से होने वाले संभावित जान-माल के नुकसान और उससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
🔸 “ड्रॉप, कवर और होल्ड” का व्यावहारिक प्रशिक्षण:
SDRF के प्रशिक्षित कर्मियों ने बच्चों को भूकंप आने के कारण, उसके प्रभाव तथा आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य और सतर्कता के साथ सुरक्षित व्यवहार अपनाने की जानकारी दी।
“ड्रॉप, कवर और होल्ड” जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का लाइव डेमो देकर यह समझाया गया कि भूकंप के दौरान एवं बाद में कैसे सुरक्षित रहा जा सकता है। साथ ही, खुले स्थानों में जाने, सुरक्षित स्थलों की पहचान करने और अफवाहों से बचने की सलाह भी दी गई।
इसके अतिरिक्त, एलईडी प्रचार वाहनों के माध्यम से तेघड़ा एवं बछवाड़ा अंचलों में वीडियो संदेशों का प्रसारण कर आम नागरिकों को भूकंप से पहले, दौरान और बाद में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।
🔹 प्रशासन गाँव की ओर: साहेबपुर कमाल में जनसुनवाई:
इसी दिन जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा प्रशासन गाँव की ओर कार्यक्रम के तहत साहेबपुर कमाल प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पहले जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। पंचायत मुखियाओं द्वारा जमाबंदी से जुड़े मामलों को उठाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके उपरांत आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं से संबंधित आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुना गया और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

🔹 विभागीय समीक्षा में सख्त निर्देश:
समीक्षा बैठक के दौरान—
👉 शिक्षा विभाग को विद्यालयों की नियमित जांच एवं 75% उपस्थिति सुनिश्चित करने
👉 अंचल कार्यालय को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन
👉 श्रम विभाग को नाबालिग श्रमिकों पर सख्त निगरानी
👉 स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान
👉 पंचायत राज विभाग को योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
🔹 उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बलिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी साहेबपुर कमाल, अंचल अधिकारी साहेबपुर कमाल एवं डंडारी सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







Total views : 75873