बेगूसराय। 27 अगस्त 2025
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने श्रीकृष्ण महिला महाविद्यालय एवं रामचरित्र सिंह महाविद्यालय मंझौल में स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई प्रारंभ होने पर GD कॉलेज के दिनकर सभागार में बैठक कर खुशी जाहिर की। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद इस मांग को लेकर पिछले कई महीनों से आंदोलन कर रही थी और आज उसका परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि अब जिले के 5 अंगीभूत महाविद्यालयों में PG की पढ़ाई शुरू हो गई है।
प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने जानकारी दी कि ABVP ने पिछले 4 महीनों में कुलपति से पांच बार मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। साथ ही दोनों महाविद्यालयों से आवेदन लेकर एकेडमिक काउंसिल के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर आग्रह किया गया था। उन्होंने कुलपति एवं एकेडमिक काउंसिल को धन्यवाद दिया।
विभाग सहसंयोजक दिव्यम कुमार एवं जिला संयोजक कमल कश्यप ने कहा कि परिषद की यह मांग है कि उपलब्ध अवसंरचना के आधार पर जिले के सभी बड़े महाविद्यालयों में विज्ञान विषय की स्नातकोत्तर पढ़ाई भी प्रारंभ की जाए।
नगर मंत्री अजीत कुमार एवं नगर सह मंत्री अमन कुमार ने कहा कि बेगूसराय जिले में छात्र-छात्राओं की संख्या अन्य जिलों की तुलना में अधिक है, जबकि सरकारी कॉलेजों की संख्या आधे से भी कम है। इसलिए जिले के सभी महाविद्यालयों में विज्ञान विषय में भी PG की पढ़ाई शुरू होना छात्रों का हक है। इस अवसर पर जीडी कॉलेज इकाई अध्यक्ष प्रहलाद कुमार, कोऑपरेटिव कॉलेज इकाई अध्यक्ष छोटू कुमार, नगर सह मंत्री सूरज, सिद्धार्थ, नीतीश, राकेश, मनीष, सौरभ, अनमोल सहित कई कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।





Total views : 68974










