बेगूसराय | 14 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में बेगूसराय जिले के महादलित बस्ती सूजा में मकर संक्रांति मिलन समारोह का आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ किया गया। यह आयोजन खेलो भारत के जिला संयोजक प्रेम कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बस्ती के लगभग 500 लोगों की सहभागिता रही।
समरसता के गीत और संवाद से जुड़ा समाज: कार्यक्रम के दौरान समरसता आधारित गीतों की प्रस्तुति के साथ समरस भारत–समर्थ भारत विषय पर संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने एक साथ बैठकर मकर संक्रांति के पारंपरिक व्यंजनों का सामूहिक रूप से आनंद लिया, जिससे सामाजिक एकता का भाव और अधिक प्रबल हुआ।
मकर संक्रांति समरसता का प्रतीक : प्रेम शंकर
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग समरसता प्रमुख प्रेम शंकर ने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। जिस प्रकार गुड़, तिल, चूड़ा और विभिन्न अनाज मिलकर एक स्वादिष्ट व्यंजन बनाते हैं, उसी प्रकार समाज के सभी वर्गों के साथ आने से ही विकसित और समर्थ भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।
पिछड़े समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एबीवीपी प्रतिबद्ध: प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के युग में भी समाज का एक वर्ग विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया है। ऐसे में एबीवीपी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उनके सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
पर्व को समरसता से मनाने की अनूठी परंपरा: प्रदेश कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी और विभाग प्रमुख डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद एकमात्र ऐसा छात्र संगठन है, जो पर्वों को समाज के बीच समरसता के माध्यम से मनाकर सामाजिक एकजुटता का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
सामाजिक गतिविधियों से धरातल पर उतरती समरसता: प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मिलन कुमार और समाजसेवी अतुल अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई देती है। वहीं नगर मंत्री अजीत कुमार और जिला मीडिया संयोजक अमन कुमार ने बताया कि युवा पखवाड़ा के अंतर्गत परिषद द्वारा लगातार सामाजिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
हीराबेन सामुदायिक भवन का निरीक्षण: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पूर्व राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा द्वारा निर्मित हीराबेन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया और आपसी संवाद के साथ मकर संक्रांति के व्यंजनों का आनंद लिया।ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थितइस अवसर पर स्थानीय समाजसेवी मंटून मिश्रा, वार्ड सदस्य जितेंद्र सदा, भगत सदा, एबीवीपी कार्यकर्ता हर्ष कुमार, कोऑपरेटिव कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार, खेलो भारत संयोजक प्रेम कुमार, सुमित चौरसिया, रिशु कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





Total views : 68998










