बेगूसराय | 10 जनवरी, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला प्रशासन की देखरेख में संपन्न हुई दत्तकग्रहण प्रक्रिया: बेगूसराय जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में शुक्रवार को एक बच्ची को कोलकाता निवासी एकल माता को विधिवत एवं पूर्ण दत्तकग्रहण प्रक्रिया के तहत सौंपा गया। यह संपूर्ण प्रक्रिया केंद्रीय दत्तकग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के दिशा-निर्देशों तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप संपन्न हुई।
बालिका के सर्वोत्तम हित को रखा गया प्राथमिकता में: दत्तकग्रहण की पूरी प्रक्रिया के दौरान बालिका के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक संरक्षण को सर्वोपरि रखा गया। शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताओं का सावधानीपूर्वक पालन किया गया, ताकि बालिका को एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं स्थायी पारिवारिक वातावरण प्राप्त हो सके।
दत्तकग्रहण सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक: डीएम: इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि दत्तकग्रहण केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को CARA के दिशा-निर्देशों के अनुसार दत्तकग्रहण उपरांत फॉलो-अप एवं परामर्श प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्रता व दस्तावेजों का हुआ समुचित सत्यापन: जिला प्रशासन द्वारा दत्तक माता की पात्रता, पारिवारिक पृष्ठभूमि, आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति का गहन आकलन किया गया। सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा सक्षम न्यायिक एवं प्रशासनिक अनुमति के बाद ही दत्तकग्रहण की अंतिम प्रक्रिया पूरी की गई।
अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित: इस अवसर पर विधि शाखा प्रभारी, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई बेगूसराय, बाल संरक्षण पदाधिकारी, समन्वयक, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दत्तक माता को शुभकामनाएं देते हुए बालिका के उज्ज्वल, सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य की कामना की।
बच्चों के अधिकारों की रक्षा को लेकर प्रशासन प्रतिबद्ध: जिला प्रशासन बेगूसराय ने दोहराया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है और आगे भी सभी दत्तकग्रहण प्रक्रियाएं पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं कानूनसम्मत तरीके से संपन्न कराई जाएंगी।







Total views : 75873