बेगूसराय |12 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विगत दिनों पारित यूजीसी एक्ट के विरोध में बेगूसराय में स्वर तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय संयुक्त सवर्ण अधिकार मोर्चा (बेगूसराय) की ओर से गुरुवार को एक रैली निकालकर एक्ट को वापस लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने इसे “काला कानून” बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रैली बीपी इंटर विद्यालय से शुरू होकर काली स्थान चौक, शहीद भगत सिंह चौक, मेन रोड और कचहरी रोड होते हुए डीएम कार्यालय के समीप समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय सांसद और विधायकों के खिलाफ भी नारे लगाए गए।

मौके पर मोर्चा के नेतृत्वकर्ता डॉ. रंजन चौधरी ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक और आर्थिक नीतियां संविधान की समानता और न्याय की भावना से भटकती प्रतीत हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यूजीसी एक्ट की पुनः समीक्षा कर इसे वापस लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में ओबीसी, एससी-एसटी वर्गों को उद्योग, शिक्षा और स्वरोजगार में विशेष रियायतें दी जा रही हैं, जबकि सामान्य वर्ग को समान सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। मोर्चा ने समान अधिकार, समान अवसर देने और कानूनों के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की है।







Total views : 70204