बेगूसराय | 10 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय संयुक्त सवर्ण अधिकार मोर्चा (बेगूसराय) की ओर से मंगलवार को एनएच-31 स्थित महमदपुर में डॉ. रंजन चौधरी के एम्स हॉस्पिटल सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में यूजीसी एक्ट की वापसी, समान अवसरों की बहाली एवं सामान्य वर्ग के साथ हो रहे कथित आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक भेदभाव के विरोध में अपनी बात रखी गई।
मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. रंजन चौधरी ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक और आर्थिक नीतियां संविधान की समानता और न्याय की भावना से भटकती नजर आ रही हैं। उन्होंने मांग की कि उच्च शिक्षा में गुणवत्ता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यूजीसी एक्ट की पुनः समीक्षा कर उसे वापस लिया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं में ओबीसी, एससी-एसटी वर्गों को उद्योग, शिक्षा और स्वरोजगार में विशेष रियायतें दी जा रही हैं, जबकि सामान्य वर्ग एवं ईडब्ल्यूएस को समान सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यह स्थिति आर्थिक असंतुलन और असमानता को बढ़ावा दे रही है।
प्रेस वार्ता में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आगामी 12 फरवरी 2026, गुरुवार को बेगूसराय में यूजीसी कानून के विरोध में विशाल आंदोलन करने का ऐलान किया। मोर्चा ने सरकार से समान अधिकार, समान अवसर और कानून के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की है।






Total views : 69864