बेगूसराय | 8 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
एनएच–एसएच पर ई-रिक्शा प्रतिबंध के खिलाफ बैठकबेगूसराय में ई-रिक्शा संघ (एक्टू) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय कमलेश्वरी भवन में आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और राज्य राजमार्ग (एसएच) पर ई-रिक्शा के प्रचालन पर रोक लगाने के फैसले का कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
गरीब परिवारों की रोजी-रोटी पर हमला: वक्ताओं ने कहा कि यह निर्णय हजारों ई-रिक्शा चालकों और उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा हमला है। संघ ने सरकार से इस फैसले को अविलंब वापस लेने की मांग की और इसे जनविरोधी बताया।
11 फरवरी को प्रचार गाड़ी, नुक्कड़ सभा: संघ की ओर से जानकारी दी गई कि 12 फरवरी को प्रस्तावित आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए 11 फरवरी को प्रचार गाड़ी निकाली जाएगी। इस दौरान जिले के विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ सभाएं कर मजदूरों, किसानों, ई-रिक्शा चालकों और आम जनता से हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया जाएगा।
चार लेबर कोड के खिलाफ उठेगी आवाज: प्रचार जत्थों के माध्यम से चार लेबर कोड को वापस लेने, मजदूर विरोधी नीतियों को समाप्त करने तथा रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नेतृत्व का बयान: बैठक को संबोधित करते हुए ई-रिक्शा संघ (एक्टू) के संरक्षक राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की नीतियां मजदूरों और मेहनतकश वर्ग के खिलाफ हैं।संघ अध्यक्ष रणजीत राज ने आम हड़ताल में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।वहीं, सचिव कन्हैया लाल साह ने कहा कि एकजुट संघर्ष के जरिए ही सरकार को जनविरोधी फैसले वापस लेने के लिए मजबूर किया जा सकता है। बैठक के अंत में उपस्थित सदस्यों ने 12 फरवरी की आम हड़ताल को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।





Total views : 69876