बेगूसराय, 02 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
जिले में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 10 फरवरी से शुरू होने वाले सर्वजन दवा सेवन अभियान (एमडीए) को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कारगिल विजय सभा भवन के सभागार में जिला समन्वय समिति की एकदिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की, जिसमें जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।
अभियान की सफलता में सामुदायिक सहभागिता पर जोर: बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि फाइलेरिया उन्मूलन तभी संभव है, जब अभियान समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। इसके लिए शिक्षा विभाग, जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियाँ, विकास मित्र, राशन डीलर तथा नगर निगम कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी गई। चूंकि ये सभी सीधे तौर पर समुदाय के बीच कार्य करते हैं, इसलिए लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने में इनकी सहभागिता आवश्यक बताई गई।
बेगूसराय का माइक्रो फाइलेरिया रेट 2.34 प्रतिशत: इस अवसर पर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष झा ने जानकारी देते हुए बताया कि नाइट ब्लड सर्वे के अनुसार बेगूसराय जिले का माइक्रो फाइलेरिया रेट 2.34 प्रतिशत पाया गया है, जिसमें वीरपुर प्रखंड की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के सभी प्रखंडों में एमडीए राउंड के दौरान अल्बेंडाजोल, डीईसी एवं आईवरमेक्टिन दवाओं का सेवन कराया जाएगा।32 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्यहालांकि, दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति इस दवा सेवन से अलग रखे जाएंगे। अभियान के लिए जिला स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। जिले की कुल जनसंख्या 37,00,355 में से लगभग 32,00,000 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी, डब्ल्यूएचओ, पिरामल एवं सिफार संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर फाइलेरिया उन्मूलन के इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।






Total views : 68919










