पटना | 17 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पीड़ित परिवार के साथ SSP कार्यालय पहुंचे प्रशांत किशोर
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर शनिवार को पटना के गांधी मैदान के पास स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जहानाबाद की उस छात्रा के परिजन भी मौजूद थे, जो पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही थी और जिसकी हाल ही में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
अनावश्यक कार्रवाई से बचने की अपील: इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य हालिया प्रदर्शन के बाद जिन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करना था। साथ ही, कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक पुलिस कार्रवाई से बचाने की मांग भी रखी गई।
SIT गठन से प्रारंभिक जांच पर उठे सवाल:
इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि शुक्रवार को वे स्वयं पीड़ित परिवार से जहानाबाद में मिले थे। इसके बाद सरकार द्वारा मामले में संज्ञान लेते हुए आईजी स्तर के अंतर्गत विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। उनके अनुसार, SIT का गठन इस बात का संकेत है कि प्रारंभिक जांच में कहीं न कहीं चूक हुई है।
जांच अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की मांग: प्रशांत किशोर ने बताया कि पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले की जांच कर रही महिला जांच अधिकारी के रवैये से वे असंतुष्ट हैं। इसी कारण परिवार ने संबंधित जांच अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों पर FIR को बताया अनुचित:
उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के विरोध में बीते दिनों कारगिल चौक पर पीड़ित परिजनों और युवाओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके, प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर दर्ज की गई और शुक्रवार को बीएन कॉलेज में छापेमारी भी की गई।
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट कहा कि जब सरकार स्वयं मान रही है कि जांच में त्रुटि हुई है और इसी कारण SIT बनाई गई है, तो ऐसे में प्रदर्शन करने वालों पर दमनात्मक कार्रवाई उचित नहीं है।
SSP ने दिया मानवीय रुख अपनाने का आश्वासन:
इन सभी बिंदुओं पर पटना के एसएसपी ने आश्वासन दिया कि वे मामले को गंभीरता से देखेंगे और जहां तक संभव होगा, पुलिस मानवीय दृष्टिकोण अपनाएगी। साथ ही, जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है, उन पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की जाएगी।
“पीड़ित परिवार को कमजोर समझकर दबाया नहीं जा सकता”: प्रशांत किशोर ने कहा कि पीड़ित परिवार को कमजोर समझकर दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक आवाज उठाता रहेगा।
पटना पुलिस पर भरोसे को लेकर दिया जवाब:
पटना पुलिस पर भरोसे के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि प्रशासन से कोई चूक नहीं हुई होती, तो इतना बड़ा जनाक्रोश देखने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि SIT को निष्पक्ष जांच करने दी जानी चाहिए और यदि पीड़ित परिवार रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होता है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
इस दौरान किशोर कुमार मुन्ना, सुभाष कुमार कुशवाहा, रामबली चंद्रवंशी, जेपी सिंह, मनीष कश्यप, सर्वर अली सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 68940










