बेगूसराय | 10 जनवरी, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डीएम बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री ने एग्री स्टैक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री एवं e-KYC कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए खोदाबंदपुर एवं छौराही प्रखंड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष कैम्पों का निरीक्षण कर कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सभी पीएम किसान लाभुकों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का निर्देश: निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि विशेष कैम्पों के माध्यम से जिले के सभी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैम्पों में केवल उन्हीं किसानों की रजिस्ट्री की जाएगी, जिनके पास वैध जमाबंदी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होंगे।
क्षेत्रीय समीक्षा व प्रचार-प्रसार पर विशेष बल: जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि अधिक से अधिक किसान इस प्रक्रिया से जुड़ सकें।
जिला स्तरीय अनुश्रवण टीम गठित करने का निर्देश: प्रभावी निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि कार्यालय, बेगूसराय के अंतर्गत जिला स्तरीय अनुश्रवण टीम के गठन का निर्देश दिया। यह टीम प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष कैम्पों का निरीक्षण करेगी तथा नियमित रूप से प्रतिवेदन उपलब्ध कराएगी। साथ ही पंचायत स्तर पर आयोजित कैम्पों से संबंधित GPS युक्त फोटो भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फार्मर रजिस्ट्री एवं e-KYC कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कार्य समयबद्ध, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण हो, ताकि कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील: जिला पदाधिकारी ने जिले के किसानों से अपील की कि कृषि विभाग की योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य है। किसान अपने क्षेत्र के किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक अथवा हल्का कर्मचारी से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाएं। रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर एवं भूमि से संबंधित दस्तावेज, विशेष रूप से स्वयं के नाम का ऑनलाइन जमाबंदी दस्तावेज आवश्यक है।






Total views : 68940










