प्रदूषण मुक्त समाज के लिए कानूनी जागरूकता जरूरी: न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्य
बेगूसराय। 3 दिसंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेगूसराय के तत्वावधान में गुरुवार को कारगिल विजय सभा भवन में अखिल भारतीय पर्यावरण विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रदूषण पदाधिकारी एस.पी. राय ने की।

कानूनी जागरूकता से ही होगा पर्यावरण संरक्षण: इस अवसर पर जिला प्रदूषण पदाधिकारी एस.पी. राय ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्य एवं उनकी टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानूनों और नागरिक जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई, जो समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रदूषण एक गंभीर समस्या: न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्य: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश करूणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि प्रदूषण आज एक गंभीर समस्या बन चुका है, जो सीधे हमारे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण को कम करने के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में बदलाव लाने होंगे, जैसे—वाहनों का सही रखरखाव, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही पर्यावरण प्रदूषण करने वालों के लिए कानूनी दंड का प्रावधान है, लेकिन जब तक समाज स्वयं जागरूक नहीं होगा, तब तक पर्यावरण को सुरक्षित नहीं किया जा सकता।
अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी जरूरी: न्यायाधीश आर्य ने आगे कहा कि विधिक जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। लोगों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है, तभी वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।
औद्योगिक संस्थानों की भागीदारी: इस जागरूकता शिविर में बरौनी रिफाइनरी, एनटीपीसी सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने-अपने संस्थानों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान लाइव शो के माध्यम से प्रदूषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को भी प्रदर्शित किया गया।
वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान की अपील: कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर अभिषेक सिंह, एलएडीसी के चीफ असिस्टेंट अशोक कुमार सिंह, शशि भूषण प्रसाद सिंह एवं सहायक अखिलेश कुमार ने सभी औद्योगिक और सामाजिक संस्थाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। वार्ड पार्षद शगुफ्ता ताजवर ने कहा कि यदि स्वस्थ पर्यावरण चाहिए, तो नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जागरूकता शिविर आयोजित करना होगा।
नालसा थीम के तहत प्रदूषण मुक्त समाज का संदेश: कार्यक्रम में नालसा (NALSA) थीम के तहत प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता सुबोध कुमार झा ने किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से शांतनु कुमार, मुरारी कुमार, इंद्रसेन शर्मा, संगम मिश्रा, उदय कुमार, सौरभ कुमार, आलोक कुमार, शैलेश कुमार, रवि कुमार, वीरेंद्र कुमार एवं सुधा कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






Total views : 68940










