नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। बेगूसराय। 3 दिसंबर 2025
बेगूसराय के लोहिया नगर ओवरब्रिज के नीचे बसे दलित–महादलित परिवारों पर बुलडोजर कार्रवाई और पुलिसिया दमन के विरोध में भाकपा–माले ने शुक्रवार को प्रतिवाद मार्च निकाला। प्रभावित परिवारों को बिना नोटिस और बिना पुनर्वास बेदखल किए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
कचहरी रोड से समाहरणालय तक निकला प्रतिवाद मार्च: प्रतिवाद जुलूस कमलेश्वरी भवन स्थित जिला कार्यालय से शुरू होकर कचहरी रोड, नगर थाना होते हुए जिला समाहरणालय के उत्तरी द्वार तक पहुँचा। कार्यकर्ता “बुलडोजर नहीं, पर्चा दो — रोज़ी रोटी की सुरक्षा दो” जैसे नारे लगाते हुए सरकार की कार्रवाई पर कड़ा विरोध दर्ज कर रहे थे।
‘सरकार गरीबों पर चला रही है दमन का बुलडोजर: ’सभा की अध्यक्षता चन्द्रदेव वर्मा, नवल किशोर सिंह और राजेश श्रीवास्तव ने की। माले जिला सचिव दिवाकर ने आरोप लगाया कि बिहार आज “बुलडोजर और पुलिसिया दमन” की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी–नीतीश सरकार गरीब, मजदूर, दलित और महादलितों को निशाना बनाकर विकास के नाम पर दमन का अभियान चला रही है। दिवाकर ने कहा कि “ओवरब्रिज के नीचे दशकों से बसे परिवारों को रातोंरात उजाड़ दिया गया, महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया।
दोषियों पर कार्रवाई और पुनर्वास की मांग: माले नेताओं ने मांग की कि—बेगूसराय में दमन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उजाड़े गए सभी परिवारों का पूर्ण पुनर्वास किया जाए। दलित–गरीब बस्तियों पर बुलडोजर अभियान पर पूरे बिहार में तत्काल रोक लगाई जाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल: प्रतिवाद कार्यक्रम में दिवाकर प्रसाद, सोनू फर्नाज, अमरजीत पासवान, दीपक सिन्हा, एहतेशाम अहमद, सुरेश पासवान, बिनोद पासवान, किशोर पासवान, संजय ठाकुर, नीलेश झा, सुनीता देवी, क्रांति देवी, सुधा देवी, सीता देवी, रेखा कुमारी, फूलेना पासवान, रीना देवी और मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 68954










