बेगूसराय में देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती समाहरणालय परिसर, हर हर महादेव चौक और कांग्रेस भवन सहित अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा पूरे जिले में श्रद्धा से मनाई गई।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। 3 दिसम्बर 2025। बेगूसराय
03 दिसंबर 2025 भारत के प्रथम राष्ट्रपति एवं देश रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती बेगूसराय जिले में पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। जिले के समाहरणालय परिसर से लेकर हर हर महादेव चौक और कांग्रेस भवन तक विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं ने उनके चित्र व प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

समाहरणालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम: कारगिल विजय भवन, समाहरणालय परिसर में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारियों ने फूल अर्पित कर राजेंद्र बाबू के योगदान को याद किया।पदाधिकारियों ने उनके स्वतंत्रता आंदोलन, संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण में निभाई ऐतिहासिक भूमिका को भारत की अमूल्य धरोहर बताया।

हर हर महादेव चौक पर जयंती समारोह: हर हर महादेव चौक स्थित देशरत्न की आदमकद प्रतिमा पर समिति द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता जेपी सेनानी संपूर्ण क्रांति मोर्चा बिहार के अध्यक्ष एवं समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह ने की। प्रो. चंद्रशेखर चौरसिया ने संचालन किया। इस अवसर पर नगर निगम के पूर्व प्रथम मेयर आलोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि“राजेंद्र बाबू मेधावी छात्र, स्वतंत्रता आंदोलन के योद्धा और राष्ट्रनिर्माता थे। प्रतिमा स्थल की स्वच्छता नगर निगम की जिम्मेदारी है, ऐसी लापरवाही नहीं होनी चाहिए।” नगर निगम की उपमेयर अनीता राय ने कहा कि “असहयोग आंदोलन से लेकर आज़ादी तक, सत्य-अहिंसा के पथ पर चलकर उन्होंने देश को नई दिशा दी। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है।” जदयू के प्रदेश नेता चित्र रंजन प्रसाद सिंह ने प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थल पर सफाई न कराने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसी गलती दोबारा नहीं होनी चाहिए। आचार्य विश्व भूषण गुप्ता, अमरेंद्र कुमार सिंह और अन्य वक्ताओं ने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद सत्य, करुणा, क्षमा और सादगी के प्रतीक थे।कार्यक्रम में जेपी सेनानी राजेंद्र महतो, अलख निरंजन चौधरी, पुष्कर प्रसाद सिंह, आचार्य सीताराम शास्त्री, सिकंदर कुमार, रविंद्र मनोहर सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि समारोह: कांग्रेस भवन बेगूसराय में भी जयंती के मौके पर कांग्रेस नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए राजेंद्र बाबू को याद किया। कांग्रेस के सीनियर उपाध्यक्ष रामविलास सिंह ने कहा कि“राजेंद्र बाबू ईमानदारी और सादगी के सर्वोच्च प्रतीक थे। उच्च आदर्शों के साथ उन्होंने देश की सेवा की और सेवानिवृत्ति के बाद भी निजी मकान तक नहीं बनाया।” कार्यक्रम में सुबोध कुमार, रणजीत कुमार, सुनील कुमार सिंह, मो. मतीन, वैद्यनाथ महतो, राजेंद्र पासवान सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी निष्ठा, समर्पण और आदर्शों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा बताया। प्रवक्ता रणजीत कुमार मुखिया ने कहा कि उनके मूल्यों को जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलेभर में सरकारी कार्यालयों में भी जयंती मनाई गई। बेगूसराय के सभी प्रखंड मुख्यालयों और सरकारी कार्यालयों में भी डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती मनाई गई, जहां कर्मचारियों व पदाधिकारियों ने स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति को याद किया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
बेगूसराय, 03 दिसंबर 2025
स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति, संविधान सभा के अध्यक्ष और महान स्वतंत्रता सेनानी देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर बेगूसराय में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (अभाकाम) की बेगूसराय शाखा द्वारा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम शहर के हर हर महादेव चौक स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया गया, जहां महासभा के सदस्यों, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के भारतीय संविधान निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान, उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि राजेंद्र बाबू न केवल एक महान विद्वान थे, बल्कि देश को नई दिशा देने वाले एक दूरदर्शी राष्ट्रनायक भी थे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की बेगूसराय जिला इकाई के सदस्य संजय कुमार, अलख कुमार सिन्हा, राजकुमार नवाब, नवीन कुमार सिन्हा, रविंद्र मनोहर, संदीप कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर देशरत्न को नमन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज को उनके जीवन मूल्यों—ईमानदारी, सादगी, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभावना—से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना था।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती ने एक बार फिर उनकी सादगी, निष्ठा, राष्ट्रप्रेम और आदर्शों को बेगूसराय में जीवंत कर दिया।







Total views : 68939










