मटिहानी, 25 सितम्बर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भागलपुर पिरपैंती की 1052 एकड़ जमीन और लाखों पेड़ मात्र एक रुपये प्रतिवर्ष की दर से उद्योगपति गौतम अडानी को सौंपे जाने के विरोध में आज मटिहानी में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने जोरदार प्रदर्शन किया।
अर्थी जुलूस और प्रतिवाद मार्च: मटिहानी लोकल कमिटी के तत्वावधान में रामपुर हटिया चौक से पटेल चौक तक प्रतिवाद मार्च और “मोदी-नीतीश गद्दी छोड़ो” नारों के बीच अर्थी जुलूस निकाला गया। मार्च का नेतृत्व माकपा जिला सचिव मंडल सदस्य सह जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, जिला कमिटी सदस्य नवल किशोर सिंह, लोकल सचिव वकील राम, उपेन्द्र शर्मा, किसान नेता रामविलास सिंह, मनोहर सिंह, परमानन्द राय, राणा रंजीत सिंह और चन्द्रचूड़ साह आदि नेताओं ने किया।
पटेल चौक पर पुतला दहन: प्रतिवाद मार्च पटेल चौक पहुंचकर पुतला दहन और नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता नवल किशोर सिंह ने की और संचालन वकील राम ने किया।
“जमीन गरीबों के लिए नहीं, कारपोरेट्स को” : माकपा सभा को संबोधित करते हुए माकपा नेता एवं जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार कटाव पीड़ितों के पुनर्वास, भूमिहीन गरीबों के आवास और किसानों की जोत के लिए कभी जमीन उपलब्ध नहीं कराती। वहीं दूसरी ओर, सार्वजनिक संपत्तियों और जमीन को कारपोरेट घरानों को औने-पौने दामों पर सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह नीति देश को कॉरपोरेट घरानों का गुलाम बनाने की साजिश है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में मोदी-नीतीश गठबंधन को सबक सिखाने की अपील की।





Total views : 68995










