बेगूसराय, 09 सितम्बर 2025।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रज़ी, जिला योजना समन्वयक प्रिया बसंत एवं जिला स्वास्थ्य समिति में कार्यरत मानव संसाधन शुभम किशोर ने मंगलवार को चाँदपुरा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (एपीएचसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई खामियाँ सामने आईं। पाया गया कि केंद्र में अब तक एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ है, प्रसव सेवा शुरू नहीं की गई है और दवाओं की उपलब्धता भी बेहद सीमित है। अस्पताल तक पहुँचने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। सुविधाओं की स्थिति भी दयनीय है। शौचालय और बेड नॉन-फंक्शनल पाए गए। परिसर में लाइट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है। वहीं ड्यूटी रोस्टर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक का नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रात्रि समय में अस्पताल बंद रहता है और केवल गार्ड अंदर मौजूद रहते हैं। हालांकि निरीक्षण के दौरान 70 मरीजों का उपचार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यदि बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ तो मरीजों की संख्या और अधिक हो सकती है। योजना संचालन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। भाव्या योजना और एमसीडी स्क्रीनिंग सही ढंग से नहीं हो रही है तथा पीएमएसएमए रजिस्टर उपलब्ध नहीं है। जांच सुविधा भी बेहद सीमित पाई गई। केवल ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की जांच हो रही है, जबकि अन्य जांच उपलब्ध नहीं है। निरीक्षण दल ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल के सुझाव: 👉 एनएनएम एवं डॉक्टर रोस्टर मुख्य द्वार पर प्रदर्शित किए जाएं। 👉 स्वास्थ्य परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए। 👉 समय पर पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो। 👉 सभी पाली में दो एएनएम की ड्यूटी लगाई जाए। 👉 परिसर में अतिरिक्त लाइट लगाई जाए। 👉 पैथोलॉजी सेवाएँ प्रारंभ की जाएं। 👉 महिला गार्ड की नियुक्ति की जाए। 👉संस्थागत प्रसव (Delivery) की सुविधा 24×7 उपलब्ध कराई जाए।






Total views : 63160