बेगूसराय, 04 सितम्बर 2025।
एनडीए की ओर से बुलाए गए बिहार बंद के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, बेगूसराय ने आज कांग्रेस भवन में सत्याग्रह आंदोलन किया। इस अवसर पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तेल चित्र के समक्ष जिला नेतृत्व के बैनर तले जुटे।
अध्यक्ष ने भाजपा पर बोला हमला: कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभय कुमार सार्जन ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी को गाली देने वालों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि “जब भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपीए चेयरपर्सन के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, तब उनकी सजा कब तय होगी?”सार्जन ने आगे कहा कि राजनीति में गाली-गलौज का कोई स्थान नहीं है। यह केवल छुटभैये नेताओं का काम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्याग्रह आंदोलन राष्ट्रपिता बापू का अमोघ हथियार था और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस भवन में इस आंदोलन का सूत्रपात किया गया है।
बिहार बंद को जनता ने नकारा: जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि बेगूसराय की जनता ने पूरी तरह बिहार बंद को नकार दिया। स्कूल, दफ्तर और बाजार खुले रहे तथा आवागमन सामान्य रहा। केवल कुछ जगहों पर एनडीए समर्थकों द्वारा सड़क पर टायर जलाकर राहगीरों को परेशान किया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता का आरोप: जिला प्रवक्ता रंजीत कुमार मुखिया ने कहा कि एनडीए ने मां के सम्मान में बंद का आह्वान किया, लेकिन बंदी के दौरान महिला शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार और महिला रोगी के ड्राइवर से गाली-गलौज कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने असली संस्कार दिखाए।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद: इस सत्याग्रह आंदोलन में रामविलास सिंह, सुबोध कुमार, मुरलीधर मुरारी, रामप्रकाश सिंह, मुकेश कुमार गुड्डू, सतीश कुमार, वीरू, रामकुमार चौधरी, सुनील सिंह, रणजीत कुमार मुखिया, जय जय राम चौधरी, राजदेव पासवान, मो. मतीन, रामानुज कुंवर, ब्रजेश कुमार प्रिंस, राजेंद्र पासवान, जाकिर हुसैन, विक्रम कुमार, दीपक कुमार कश्यप, मो. जमाल, विनोद ईश्वर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।





Total views : 63194