बेगूसराय। 23 जुलाई 2025।
बेगूसराय स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक 2025 आज कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। यह बैठक स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक थी। इस बैठक में जिले के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा, गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार, डीपीएम नसीम राजी सहित जिला स्वास्थ्य समिति के अन्य अधिकारी एवं सभी प्रखंडों से आए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक और प्रखंड लेखापाल उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान राज्य स्वास्थ्य समिति एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित विभिन्न सूचकांकों पर समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशानुसार प्रगति रिपोर्ट में कई प्रखंडों का प्रदर्शन लक्ष्य से पीछे पाया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड 30 अगस्त 2025 तक सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें।
नव संचालित स्वास्थ्य उपकेन्द्र और परिवार नियोजन पर चर्चा:
जिले में नव संचालित 140 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई। आधारभूत संरचना की कमी के बावजूद सभी केंद्रों पर नियमित साप्ताहिक ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। परिवार नियोजन पखवाड़ा की पिछली उपलब्धि और आगामी रणनीति पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
मातृ-शिशु मृत्यु दर एवं NRC की स्थिति :
बैठक में मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर की रिपोर्टिंग में शिथिलता पाए जाने पर कई प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि प्रतिवेदन समय पर भेजना सुनिश्चित करें। NRC (न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन सेंटर) में बच्चों की कम उपलब्धता पर चिंता जताई गई और निर्देश दिया गया कि सभी प्रखंड बाल विकास परियोजना से समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद बच्चों को NRC भेजना सुनिश्चित करें।
आशा चयन और टीकाकरण:
बेगूसराय स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक 2025 में आशा चयन में मुखिया की उदासीनता को बड़ी बाधा बताया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित मुखियों को पत्र भेजकर 30 अगस्त तक चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. गोपाल मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ण टीकाकरण में 95% से ऊपर का लक्ष्य तय किया है। जिले के सात प्रखंड अभी लक्ष्य से पीछे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जल्द ही रणनीति बनाकर 100% उपलब्धि सुनिश्चित करें, ताकि मीजल्स उन्मूलन कार्यक्रम में जिला बेहतर प्रदर्शन कर सके।
कालाजार और mAsha ऐप पर समीक्षा:
कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम के तहत हो रहे IRS कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंडों को आदेश दिया गया कि mAsha ऐप पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से शत-प्रतिशत सर्वे और हाउसहोल्ड एंट्री करना सुनिश्चित करें।





Total views : 68974










