
बेगूसराय में तीन पीपा पुल निर्माण कराये जाने को लेकर अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण विभाग को डीएम बेगूसराय द्वारा भेजा गया प्रस्ताव
इस तीनों पीपा पुल का पहुंच पथ सहित अनुमानित प्रस्तावित लागत 71.82 करोड़ रूपये है।
बेगूसराय। 17 मार्च 2025
बेगूसराय जिला के शाम्हो प्रखंड को मटिहानी प्रखंड से और तेघड़ा प्रखंड, बछवाड़ा प्रखंड को पटना जिला के बाढ़ प्रखंड से पीपा पुल के द्वारा कनेक्टिवीटी किये जाने की संभावना काफी बढ़ गई है। यह कनेक्टिवीटी होने से दियारा क्षेत्र सहित आस-पास की आम जनता को आगवामन में कम दूरी तय करनी पड़ेगी एवं समय की भी काफी बचत होगी। इसको लेकर डीएम बेगूसराय तुषार सिंगला द्वारा बेगूसराय जिले में तीन पीपा पुल निर्माण कराय जाने को लेकर अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण विभाग, बिहार पटना को एक प्रस्ताव भेजा है। भेजे गये प्रस्ताव में बताया गया है कि बेगूसराय जिला एवं बेगूसराय के पड़ोसी जिला की जनता को गंगा नदी के प्रवाह के कारण बेगूसराय मुख्य शहर एवं पटना आने-जाने में अधिक दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम लोगों का समय काफी बर्बाद होता है। इस तीनों पीपा पुल का पहुंच पथ सहित अनुमानित प्रस्तावित लागत 71.82 करोड़ रूपये है। जिसमें शाम्हो प्रखंड को बेगूसराय जिला से जोड़ने हेतु शाम्हो प्रखंड से मटिहानी प्रखंड तक पीपा पुल का निर्माण, तेघड़ा प्रखंड के अयोध्या घाट पर पीपा पुल का निर्माण, बछवाड़ा प्रखंड के झमटिया घाट पर पीपा पुल का निर्माण शामिल है।बता दें कि वर्तमान में शाम्हों प्रखंड की जनता को बेगूसराय जिला मुख्यालय आने के लिए सूर्यगढ़ा, लखीसराय, बड़हिया, हथिदह, राजेन्द्र पुल होते हुए जीरोमाईल के रास्ते आना पड़ता है। जिसकी दूरी लगभग 70 किलोमीटर है जिसे तय करने में लोगों को दो घंटे से अधिक का समय लगता है। उक्त पीपा पुल के निर्माण हो जाने से आमजनों को बेगूसराय जिला मुख्यालय आने के लिए मात्र 16 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। वहीं तेघड़ा प्रखंड के आमजनों को पटना जाने के लिए बरौनी जीरोमाईल, राजेन्द्र पुल, मोकामा, बाढ़ एवं बख्तियारपुर होते हुए लगभग 127 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। जिसमें तीन से चार घंटे का समय लगता है। अयोध्या घाट पर पीपा पुल के निर्माण हो जाने से तेघड़ा प्रखंड के अयोध्या हरिहरपुर, बदलपुरा, दुलारपुर, हसनपुर, पिढ़ौली, चकदेहपुर एवं रसलपुर के आमजन सीधे गंगा नदी पार करते हुए बाढ़ प्रखंड होते हुए पटना जिला मुख्यालय पहुंच सकेंगे। जिससे दूरी लगभग 67 किलोमीटर हो जायेगी और आम लोगों को यातायात में काफी सहुलियत होगी। इसी प्रकार बछवाड़ा प्रखंड के आमजनों को पटना जाने के लिए तेघड़ा, बरौनी जीरोमाईल, राजेन्द्रपुल, मोकामा बाढ़ एवं बख्तियारपुर होते हुए पटना जाने में लगभग 140 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जिसमें लोगों को 4 से 5 घंटे का समय लगता है। झमटिया घाट पर पीपा पुल के निर्माण हो जाने से बछवाड़ा प्रखंड के नारेपुर दियारा, यादव टोला, श्रवण टोला, रानी चामूबन ढाला, मुरलीटोल फतेहा, बछवाड़ा एवं रानी के आम लोग सीधे गंगा पार करके बख्तियारपुर होते हुए पटना जा सकते है, जिससे दूरी घटकर मात्र 60 किलोमीटर हो जायेगी।