बेगूसराय। 2 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारी की है। जिले में 4 से 9 सितंबर 2026 तक पूजा, मेला, जुलूस और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए 175 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त आदेश जारी कर पूजा पंडालों, मंदिरों, मेला स्थलों, चौक-चौराहों, जुलूस एवं विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की है। तेघड़ा, मंझौल, बखरी, बलिया और बेगूसराय सदर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सशस्त्र बल और लाठी बल भी तैनात रहेंगे।
समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर 24 घंटे जिला नियंत्रण कक्ष काम करेगा। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 06243-222835 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता (विभागीय जाँच) महेश्वर प्रसाद सिंह रहेंगे।जिले में विधि-व्यवस्था के समग्र प्रभार में अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) निखिल कुमार रहेंगे। सभी अनुमंडलों में भी अलग नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा निरोधी दस्ता आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहेगा। क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। मेला और पूजा स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी करेगा।
जुलूसों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य: प्रशासन ने जन्माष्टमी के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूसों के लिए लाइसेंस अनिवार्य किया है। जुलूस और विसर्जन मार्गों पर डीजे के अनियंत्रित प्रयोग तथा अस्त्र-शस्त्रों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। पूजा समितियों और आयोजकों को पंडालों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवक रखने का निर्देश दिया गया है। स्वयंसेवकों के लिए पहचान पत्र या बैच की व्यवस्था करनी होगी। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी।
एंबुलेंस, मेडिकल टीम, अग्निशमन दस्ता, पेयजल और सचल शौचालय की व्यवस्था: विसर्जन और मेला स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। जरूरत के अनुसार गोताखोर और बचाव दल भी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एंबुलेंस, मेडिकल टीम, अग्निशमन दस्ता, पेयजल और सचल शौचालय की व्यवस्था की गई है। नगर निकायों द्वारा नियमित फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाएगा।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर: सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म की निगरानी की जाएगी। साइबर सेनानी और विशेष टीम आपत्तिजनक, भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर नजर रखेगी। अफवाह फैलाने या भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बेगूसराय सदर क्षेत्र में काली स्थान चौक, ट्रैफिक चौक, बस स्टैंड चौक, पावर हाउस चौक, सुभाष चौक, हरहर महादेव चौक, मुंगेरीगंज, हीरालाल चौक, कर्पूरी स्थान चौक और टेढ़ीनाथ मंदिर चौक समेत कई स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। लोहियानगर के मौनी बाबा ठाकुरबाड़ी में मटका फोड़ कार्यक्रम समेत वीर कुंवर सिंह चौक, गांधी चौक, बाईपास रोड चौक, बाघा और मिलन चौक पर भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
तेघड़ा में विशेष सुरक्षा व्यवस्था : तेघड़ा अनुमंडल में बड़े स्तर पर होने वाले जन्माष्टमी आयोजनों को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख पूजा पंडालों और मेला स्थलों के साथ गौशाला मेला ग्राउंड, कांग्रेस भवन मेला ग्राउंड, शारदा मार्केट, प्रखंड कार्यालय मेला ग्राउंड, वाटिका चौक, डायमंड गली, दीनदयाल रोड, ठाकुरबाड़ी, मिरचैया चौक और सिंधिया चौक समेत कई स्थानों पर निगरानी रहेगी। यातायात व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरियर और चेकिंग प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
बरौनी, गढ़हारा और चकिया क्षेत्र में भी प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। एफसीआई क्षेत्र स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर सिद्ध पीठ पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मंझौल, बखरी, चेरिया बरियारपुर, छौड़ाही, नावकोठी और गढ़पुरा क्षेत्रों में भी प्रमुख बाजारों, मंदिरों, ठाकुरबाड़ियों, मेला स्थलों और बूढ़ी गंडक नदी घाटों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। बलिया, साहेबपुर कमाल और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रमुख मेला एवं पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लखमिनियां स्टेशन, बलिया बाजार, पटेल चौक, गोविंद भवन, भगवानपुर बाजार और अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी।
जिला. प्रशासन की नागरिकों से अपील : जिला प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से जन्माष्टमी पर्व को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है।




Total views : 103547