बेगूसराय। 2 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में आम लोगों को उनके घर और कार्यस्थल के करीब स्वास्थ्य जांच की सुविधा देने के लिए बुधवार से “जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान शुरू हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया।
बेगूसराय के कारगिल विजय सभा भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, डीवीडीसीओ, एनसीडीओ, डीपीएम नसीम रजी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
अभियान के तहत जिला मुख्यालय के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप लगाए जाएंगे। इनमें कलेक्ट्रेट कैंपस, एसडीओ कार्यालय, विकास भवन और कोर्ट कैंपस सहित अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।
शिविरों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, फैटी लिवर और सामान्य कैंसर सहित कई गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान किसी बीमारी की पहचान होने पर मरीज को चिकित्सकीय सलाह और उपचार दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उसे उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थान में रेफर भी किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को स्क्रीनिंग कैंप से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से भी नजदीकी शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है। खासकर उन लोगों को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, जो नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते हैं।
“जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार” अभियान के जरिए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के और करीब पहुंचाने की कोशिश कर रही है। इसका उद्देश्य बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार और नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करना है।






Total views : 103557