दरभंगा। 1 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव से पहले जन सुराज ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को दरभंगा में चुनावी रणनीति को लेकर अहम बैठक हुई। इसी दौरान बेगूसराय के भाजपा नेता और 2020 के दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रनर-अप रहे डॉ. सुरेश प्रसाद राय जन सुराज में शामिल हो गए।
जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में यह बैठक दरभंगा के एकमी घाट चौक स्थित होटल राज रिसॉर्ट में आयोजित हुई। बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान आगामी एमएलसी चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनाव अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और चुनाव को लेकर प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी मंथन किया गया। इसी दौरान भाजपा के कद्दावर नेता डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जन सुराज की सदस्यता ग्रहण की। डॉ. राय बेगूसराय से भाजपा के प्रमुख नेताओं में रहे हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था और रनर-अप रहे थे।
डॉ. सुरेश प्रसाद राय बिहार राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे भाजपा के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।डॉ. राय के जन सुराज में शामिल होने को आगामी दरभंगा एमएलसी चुनाव की तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके अनुभव और शिक्षक संगठनों से जुड़े रहे कार्य को देखते हुए जन सुराज को इसका राजनीतिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





Total views : 103329