बेगूसराय। 1 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन ने मंगलवार को पूरे जोन में काला दिवस मनाया। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों ने विभिन्न कार्यस्थलों पर प्रदर्शन किया और एनपीएस-यूपीएस रद्द करने तथा पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई।
यूनियन के अनुसार, मंडल और उत्पादन इकाइयों की शाखाओं सहित करीब 200 से अधिक कार्यस्थलों, स्टेशनों, स्टोर यूनिट और कार्यालयों में काला दिवस मनाया गया। कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
यूनियन ने बताया कि यह कार्यक्रम बिहार एनएमओपीएस/एफएएनपीएसआर के आह्वान पर आयोजित किया गया। संगठन के अनुसार, बिहार में 1 सितंबर को एनपीएस लागू किया गया था। इसी के विरोध में इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया गया।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन की सीडब्ल्यूसी बैठक में सर्वसम्मति से काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत पूरे जोन में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
बेगूसराय में भी हुआ प्रदर्शन: सोनपुर मंडल के अंतर्गत बेगूसराय गैंग हॉल्ट पर भी कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाईज यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष घनश्याम पासवान ने केंद्र सरकार से एनपीएस और यूपीएस को रद्द करने तथा पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों को मिलकर संघर्ष करना होगा। इससे सरकार पर मांगों को लेकर दबाव बनाया जा सकेगा।
प्रदर्शन में दिनेश सिंह, चंद्रमौली महतो, दिलीप सिंह, बेचन ठाकुर, उमेश रजक, जय जय राम महतो, नागो पासवान, संजीत कुमार, बिरजू महतो और देवन पासवान सहित अन्य कर्मचारी शामिल हुए।





Total views : 103332