बेगूसराय/बरौनी। 30 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बरौनी के मूल निवासी और देश के चर्चित जनसंपर्क एवं मीडिया स्ट्रेटेजिस्ट सर्वेश कश्यप को राष्ट्रीय स्तर पर जनसंपर्क, मीडिया रणनीति और पर्यटन क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ग्लोबल टूरिज्म अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। नोएडा स्थित एक्सपो इन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में असम की उद्यमी एवं मीडिया संस्थान नॉर्थईस्ट लाइव की प्रमुख रिनिकी भुइयाँ शर्मा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
भारत सरकार के पर्यटन विभाग, एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (ADTOI) और ग्लोबल न्यूज नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में सर्वेश कश्यप का चयन प्रतिष्ठित ज्यूरी पैनल द्वारा किया गया। ज्यूरी में पर्यटन मंत्रालय के पूर्व सचिव एम.पी. बेजबरुआ, विनोद जुत्शी, आईटीसी के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नकुल आनंद और नोएडा फिल्म सिटी के संस्थापक संदीप मारवाह सहित कई प्रतिष्ठित लोग शामिल रहे।
जनसंपर्क और मीडिया रणनीति के क्षेत्र में बनाई पहचान:
सर्वेश कश्यप ने जनसंपर्क एवं रणनीतिक संचार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों, 125 से अधिक हिंदी एवं क्षेत्रीय फिल्मों तथा मेघालय टूरिज्म, नॉर्थईस्ट इन्फ्लुएंसर यात्रा और मिस यूनिवर्स इंडिया जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए मीडिया एवं रणनीतिक सेवाएं दी हैं।

हाल ही में उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की राष्ट्रीय स्तर की मीडिया रणनीति की कमान भी संभाली। इसके अलावा मिस यूनिवर्स इंडिया, मिस इंटरनेशनल, मिस टीन यूनिवर्स, मिस टीन इंटरनेशनल और मिस्टर इंडिया यूनिवर्स जैसे आयोजनों से भी उनके जुड़ने की बात सामने आई है।
सम्मान को बताया नई जिम्मेदारी की शुरुआत: अवार्ड मिलने के बाद सर्वेश कश्यप ने इसे गौरव और खुशी का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल टूरिज्म अवॉर्ड्स जैसा प्रतिष्ठित सम्मान उनके अब तक के कार्यों को नई ऊर्जा देने के साथ भविष्य में बेहतर काम करने की जिम्मेदारी भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि देशभर में अलग-अलग परियोजनाओं पर काम करने के दौरान उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों को करीब से जानने और लगातार कुछ नया सीखने का अवसर मिल रहा है। उनका प्रयास आगे भी अपने काम के माध्यम से देश और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करना रहेगा।
बरौनी के एक युवा का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करना स्थानीय स्तर पर भी गौरव का विषय माना जा रहा है। सर्वेश कश्यप इन दिनों कई राष्ट्रीय परियोजनाओं से जुड़े हुए हैं और मीडिया रणनीति एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।







Total views : 102743