बेगूसराय। 29 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त प्रयास से शनिवार को सदर प्रखंड के रजौड़ा चौक पर जिले के पहले ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’ का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक रविंद्र कुमार और जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा: उद्घाटन के दौरान डीएम रिची पाण्डेय ने जीविका और कॉम्फेड की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचार से जीविका दीदियों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को स्थानीय बाजार उपलब्ध कराने और उनके लिए स्थायी बाजार विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
217 पंचायतों में खुलेगा जीविका सुधा बिक्री केंद्र: जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि जिले की सभी 217 पंचायतों में जीविका दीदियों द्वारा जीविका सुधा बिक्री केंद्र संचालित किए जाएंगे। अब तक 115 पंचायतों में जीविका दीदियों को चिन्हित कर केंद्र शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है। शेष पंचायतों में भी केंद्र स्थापित करने का कार्य चल रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से जीविका दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुधा के उत्पाद भी आम लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। इससे महिला उद्यमिता, स्वरोजगार और उनकी आय में वृद्धि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शबनम खातून कर रही हैं केंद्र का संचालन: प्रखंड विकास पदाधिकारी रविशंकर कुमार ने बताया कि बेगूसराय में इस पहल की शुरुआत सदर प्रखंड से की गई है। केंद्र का संचालन जीविका लाभार्थी शबनम खातून द्वारा किया जा रहा है। यहां जीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न उत्पाद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जाएंगे। एमएमएआरवाई नोडल भवानी शंकर ने बताया कि यह केंद्र स्थानीय स्तर पर महिला उद्यमिता को मजबूत करने के साथ महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में मुखिया अहमद हुसैन, ग्राम संगठन की अध्यक्ष अंजली देवी, सचिव सुभद्रा कुमारी, कोषाध्यक्ष पूजा देवी, प्रबंधक (संचार) राजीव रंजन, आईबीसीबी मैनेजर ब्रजेंद्र कुमार, जिला कॉर्डिनेटर ऋचा कुमारी सहित प्रशासनिक अधिकारी, कॉम्फेड एवं जीविका के कर्मी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।






Total views : 102608