
निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 01.08.2025 को किया जायेगा, इसमें दावा आपत्ति 01.08.2025 से 01.09.2025 तक किया जायेगा। निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 30.09.2025 को किया जायेगा।
बेगूसराय। 25 जुलाई 2025
बेगूसराय जिला अंतर्गत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर डीएम तुषार सिंगला ने पत्रकारों को अबतक किये गए कार्य की जानकारी साझा की।डीएम ने बताया कि बेगूसराय जिले के सातों विधान सभा में 22 लाख 45 हजार 144 मतदाताओं में 20 लाख 78 हजार 865 मतदाताओं का गणना प्रपत्र बीएलओ ऐप के माध्यम से ऑनलाईन किया जा चुका है, जो कि कुल मतदाताओं का 92.59 प्रतिशत है। जिला पदाधिकारी ने बताया कि 25 जून 2025 से प्रारंभ हुए विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर लगातार जिला स्तर एवं विधान सभा स्तर पर सभी मान्यताप्राप्त राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की जा रही है। साथ ही जिन मतदाताओं का अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं हुआ है, उन सभी मतदाताओं की सूची सभी राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि सभी राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधि मतदान केन्द्र स्तरीय एजेंट(बीएलए-2) के माध्यम से गणना प्रपत्र भरने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। इसके साथ ही मृत/स्थानांतरित एवं दोहरी प्रविष्टि वाले निर्वाचकों की भी सूची साझा कर दी गई है।जिला पदाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मतदाता जागरूकता रथ के द्वारा प्रचार-प्रसार किया गया, सार्वजनिक स्थलों पर विशेष गहन पुनरीक्षण होडिंग एवं फ्लैक्स लगाया गया, बेगूसराय के सोशल मीडिया हैंडल के द्वारा प्रचार-प्रसार किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में प्रतिशत कम रहने पर सार्वजनिक जगहों पर क्यूआर कोड लगाया गया, क्षेत्र में सफाई कर्मियों के माध्यम से ब्लैंक फार्म भी वितरण कराये गये, साथ ही जिन-जिन बूथों पर गणना प्रपत्र संग्रहण का प्रतिशत कम था, वहां पर विशेष कैंप का आयोजन कर गणना प्रपत्र का संग्रहण कराया गया।उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुरीक्षण 2025 में निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 01.08.2025 को किया जायेगा, इसमें दावा आपत्ति दिनांक 01.08.2025 से 01.09.2025 तक किया जायेगा। निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 30.09.2025 को किया जायेगा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि आगामी बिहार विधान सभा चुनाव में कुल 440 नये मतदान केन्द्र बनाये जा रहे है। पूर्व में 2097 मतदान केन्द्र थे, जो वर्तमान में बढ़कर 2537 हो गए।