नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। 27 नवंबर 2025। बेगूसराय।
गणतंत्र दिवस परेड–2026 में नई दिल्ली में भाग लेने वाले बिहार एवं झारखंड निदेशालय एनसीसी के 80 चयनित कैडेट्स ने आज बेगूसराय–पटना आइकॉनिक पुल पर एक भव्य परेड का प्रदर्शन किया। यह विशेष आयोजन वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया, जहां कैडेट्स ने अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति की मिसाल पेश की।

परेड में दिखी अद्भुत देशभक्ति और अनुशासन : कार्यक्रम की शुरुआत पुल पर आयोजित परेड से हुई, जिसमें सभी कैडेट्स ने श्रेणियों में सुसज्जित होकर मार्च-पास्ट किया। राष्ट्रभक्ति गीतों और गगनभेदी नारों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद कैडेट्स का दल सिमरिया घाट पहुंचा, जहां ससम्मान राष्ट्रध्वज का ध्वजारोहण किया गया और कैडेट्स ने तिरंगे को सलामी दी।
सभी अधिकारियों ने की तारीफ़ : ध्वजारोहण समारोह में उपस्थित नागरिकों और अधिकारियों ने कैडेट्स के समर्पण एवं अनुशासन की प्रशंसा की। कार्यक्रम जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कॉन्टिंजेंट कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल पी.के. चौधरी तथा कैंप कमांडेंट कर्नल अमित अहलावत (कमांडिंग ऑफिसर, 35 बिहार बटालियन एनसीसी, पूर्णिया) के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
स्थानीय लोगों की उमड़ी भीड़ : कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।इस आयोजन ने जिले में देशभक्ति और गौरव की भावनाओं को नई ऊंचाई प्रदान की।







Total views : 63019