
सीसीटीवी कैमरे का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर डीएम कार्यालय, नगर निगम कार्यालय और एसपी कार्यालय में बनाया जाएगा।
बेगूसराय। 20.02.2025अब बेगूसराय शहर में हर चौक चौराहे पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। जिसके प्रथम फेज का काम शुरू किया गया। डीएम तुषार सिंगला द्वारा बेगूसराय नगर निगम द्वारा प्रथम चरण में नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न चौक-चौराहों एवं स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र सहित सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन एवं रख-रखाव का कार्यारंभ बेगूसराय समाहरणालय के समीप कैन्टीन चौक से किया गया। कार्यक्रम में मेयर नगर निगम बेगूसराय, नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार सिंह, उप महापौर अनिता देवी, नगर प्रबंधक राजीव रंजन सिंह सहित कई गणमान्य एवं अन्य लोग मौजूद थे।डीएम ने बताया कि बेगूसराय नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कुल 317 कैमरे का अधिष्ठापन करना है जिसमें 6 मेगापिक्सल का 285 बुलेट कैमरा एवं 4 मेगापिक्सल का पॉइंट जेड कैमरा का अधिष्ठापन किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरे का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तीन स्थान पर डीएम कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, एसपी कार्यालय में बनाया जाएगा। डीएम ने कहा कि एक माह पूर्व मुख्यमंत्री बिहार, नीतीश कुमार द्वारा बेगूसराय जिला भ्रमण के क्रम में इस कार्य योजना का शिलान्यास किया गया था। जिसके तहत नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सीसीटीवी कैमरे का अधिष्ठापन कार्य किया जा रहा है। इससे पूरे शहरी इलाकों में आपराधिक वारदात के नियंत्रण में पुलिस को मदद मिलेगा। इसके अलावा हमारे धार्मिक पर्व दुर्गा पूजा, दीपावली, होली आदि में भी विधि-व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को मोनेटरिंग में मदद मिलेगी। बेगूसराय को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए यह एक पहला कदम है। आने वाले दिनों में ट्राफिक सिस्टम एवं सौन्दर्यीकरण कार्य भी नगर निगम के प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।