बेगूसराय | 16 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ डेस्क |
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दस-दस हजार रुपये की राशि भेजी गई। बेगूसराय जिले की 45 हजार से अधिक महिलाएं इस चरण में लाभान्वित हुई हैं। अब तक इस योजना के अंतर्गत पूरे राज्य में 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को लाभ मिल चुका है, जिनमें बेगूसराय की 4 लाख 69 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया मील का पत्थर: कार्यक्रम का शुभारंभ नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही मंत्री विजय कुमार चौधरी एवं श्रवण कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए यह राशि दी जा रही है तथा आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कारगिल विजय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम: जिला मुख्यालय स्थित कारगिल विजय सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं जीविका दीदियां उपस्थित रहीं। वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में सभी अतिथिगण दर्शक दीर्घा में जीविका दीदियों के साथ बैठकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखते रहे। जिले में मुख्यालय के अलावा संकुल संघों एवं ग्राम संगठनों सहित 3100 से अधिक स्थानों पर लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें 2 लाख 15 हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। जिला स्तर पर कार्यक्रम का समन्वयन जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार द्वारा किया गया।





Total views : 70500