बेगूसराय | 17 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के अमित कुमार ने 39वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर ताइक्वांडो क्यूरोगी प्रतियोगिता 2025-26 में अंडर-29 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और बिहार का नाम रोशन किया।
नई दिल्ली में हुआ राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन39वीं: राष्ट्रीय सब-जूनियर ताइक्वांडो क्यूरोगी प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन 13 से 15 जनवरी 2026 तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में किया गया।ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।

बिहार टीम ने दर्ज की स्वर्णिम सफलता: जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सह प्रशिक्षक नंदु कुमार ने बताया कि बेगूसराय जिला संघ से जुड़े 9 खिलाड़ियों ने बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व किया। बिहार टीम के कोच मो. फुरकान के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।
अमित कुमार का शानदार प्रदर्शन: बेगूसराय जिले के बीहट, गुरुदासपुर टोला (वार्ड संख्या-20) निवासी, रूबी देवी एवं सुरेश भगत के पुत्र अमित कुमार ने अंडर-29 किलोग्राम भार वर्ग में जबरदस्त प्रदर्शन किया। अमित ने मणिपुर, मध्य प्रदेश, दिल्ली, असम एवं राजस्थान के खिलाड़ियों को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
संघर्ष से सफलता तक का प्रेरणादायक सफर: अमित कुमार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता सिलाई का कार्य करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अमित की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प ने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन से किया गया प्रयास कभी विफल नहीं होता। गौरतलब है कि अमित की बड़ी बहन सुमन भी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पदक जीत चुकी हैं।
खेल जगत ने दी शुभकामनाएं: अमित की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के जिलाध्यक्ष सह बीटीएमयू के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन, बीटीएमयू के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, बिहार ताइक्वांडो संघ के महासचिव राजेश कुमार साहु, कल्याण केन्द्र के सचिव भोगेन्द्र कुमार कमल, उपाध्यक्ष वागीश आनंद, खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, जिला सचिव सह प्रशिक्षक नंदु कुमार, संयुक्त सचिव अनिल कुमार तॉती, जिला कोच मणिकांत, बरौनी कोच मो. फुरकान, बलिया कोच मनोज कुमार स्वर्णकार सहित कई वरिष्ठ प्रशिक्षकों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





Total views : 68998










